नरसिंहपुर। 7 जुलाई 2026शहर के मुशरान वार्ड स्थित पटेल कॉलोनी की गली नंबर-2 के रहवासी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं। सीवर लाइन और स्ट्रीट लाइट जैसी आवश्यक सुविधाएं नहीं मिलने से नारकीय स्थिति का सामना कर रहे लोगों ने मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और समाधान की मांग की।
रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में सीवर लाइन बिछाने का कार्य करीब पांच माह पहले पूरा हो चुका है, लेकिन आज तक उसे चालू नहीं किया गया है। इसके कारण घरों के सीवर कनेक्शन मुख्य लाइन से नहीं जुड़ पाए हैं और गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। लोगों का कहना है कि जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से क्षेत्र में संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
इसके अलावा कॉलोनी की गली नंबर-2 में बिजली के खंभे और स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात के समय पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अंधेरे के कारण आवागमन में कठिनाई होती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
जनसुनवाई में दिए गए ज्ञापन के माध्यम से रहवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सीवर लाइन को तत्काल चालू कर घरों के कनेक्शन मुख्य लाइन से जोड़े जाएं। साथ ही कॉलोनी में बिजली के खंभे स्थापित कर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।








