नरसिंहपुर! 8 जून 2026
तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के भामा के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय अमोल पटेल निवासी ग्वारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह मोटरसाइकिल से करौंदी–भामा के बीच से गुजर रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे डंपर (MP 15 ZF 8655) ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और परिजन शव को लेकर करीब दो घंटे तक सड़क पर बैठे रहे, जिससे क्षेत्र में तनाव और अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर तेंदूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोगों ने भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण की मांग की है।








