नरसिंहपुर। 8 जून 2026 स्टेशनगंज थाना क्षेत्र के छिंदवाड़ा बायपास पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामले में औरैया निवासी ट्रक चालक तेज सिंह के ट्रक का लॉक तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 140 लीटर डीजल चोरी कर लिया।
जानकारी के अनुसार आज 8 जून सुबह करीब 4:50 बजे चालक को नींद लग गई थी। इसी दौरान चोर सक्रिय हो गए। वहीं पास में खड़े गणेश तोमर के ट्रक से भी डीजल चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन ट्रक में ताला लगा होने और चालक की नींद खुल जाने के कारण चोर सफल नहीं हो सके। इसके बाद बदमाश आगे खड़े तेज सिंह के ट्रक तक पहुंचे और लॉक तोड़कर बड़ी मात्रा में डीजल निकाल ले गए।
स्थानीय व्यवसायी एवं श्री गजानन मोटर्स के संचालक अमन राय का कहना है कि बायपास क्षेत्र में पिछले कई दिनों से चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। उनका आरोप है कि सूचना मिलने पर 112 वाहन तो पहुंचती है, लेकिन चोरों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
अमन राय ने बताया कि क्षेत्र में ट्रक, मोटर्स और ऑटो पार्ट्स का कारोबार होता है, लेकिन लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापार प्रभावित हो रहा है और लोगों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।








