नरसिंहपुर! 3 जून 2026
नरसिंहपुर जिले के सालीचौका क्षेत्र के ग्राम बारहबड़ा निवासी राकेश वंशकार आज भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ की प्रतीक्षा कर रहे हैं। राकेश का कहना है कि पात्र होने के बावजूद उन्हें अब तक योजना का लाभ नहीं मिल सका, जिसके कारण वह अपनी वृद्ध मां और दो बच्चों के साथ एक टपरीनुमा झुग्गी में रहने को मजबूर हैं।
राकेश वंशकार ने बताया कि उनकी पत्नी का निधन हो चुका है और परिवार की जिम्मेदारी पूरी तरह उनके कंधों पर है।
आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह पक्का मकान बनाने में सक्षम नहीं हैं।
बरसात और अन्य मौसमों में टपरी में रहने के कारण परिवार को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अपनी समस्या को लेकर राकेश ने 2 जून को जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि उन्हें योजना का लाभ मिल जाए तो उनके परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास मिल सकेगा।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन राकेश की मांग पर क्या कार्रवाई करता है और उन्हें योजना का लाभ कब तक मिल पाता है।
राकेश वंशकार ने अपनी पूरी व्यथा पोलखोल से साझा की। देखिए उनका वन-टू-वन इंटरव्यू और जमीनी हकीकत पर आधारित यह विशेष रिपोर्ट, सिर्फ पोलखोल पर।








