नरसिंहपुर ! 1 जून 2026
नरसिंहपुर। जिला मुख्यालय स्थित गांधी चौराहे से गुलाब चौराहे को जोड़ने वाले सींगरी नदी के बड़े पुल पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुल के ऊपर टीले के पास खड़ा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक ने वाहन को पुल के किनारे ढलान वाले स्थान पर खड़ा किया था। इसी दौरान आशंका जताई जा रही है कि या तो हैंड ब्रेक ठीक से नहीं लगा था या फिर तकनीकी खराबी के कारण ऑटो धीरे-धीरे लुढ़कता हुआ नीचे नदी की ओर चला गया और गहरे पानी में समा गया।
घटना को देखकर वहां मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि ऑटो के अंदर उस समय कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था और वाहन पूरी तरह खाली था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति की पुष्टि होने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो को नदी से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई।
फिलहाल घटना को लेकर कोई गंभीर चोट या नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन इस तरह की घटनाओं ने पुल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।








