करेली। नरसिंहपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 कार्टून देशी शराब से भरी एक स्विफ्ट कार को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की शराब, वाहन, मोबाइल फोन और नगदी जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है, लेकिन इसके साथ ही एक बड़ा सवाल भी उठ खड़ा हुआ है, आखिर इतनी बड़ी मात्रा में शराब किसकी थी और इसके पीछे कौन लोग हैं?
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर करेली बायपास स्थित इमलिया पुल के पास घेराबंदी कर कार क्रमांक MP20 XB 2757 को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 27 कार्टून देशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डेलन मल्लाह और मुजम्मिल उसमानी के रूप में हुई है।
हालांकि, कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा इस बात की है कि गिरफ्तार किए गए युवक केवल शराब की ढुलाई कर रहे थे या फिर इस पूरे नेटवर्क में उनकी कोई बड़ी भूमिका भी है। आमतौर पर ऐसे मामलों में शराब परिवहन करने वाले लोग तो पुलिस के हाथ लग जाते हैं, लेकिन अवैध कारोबार संचालित करने वाले मुख्य सरगना और वित्तीय लाभ लेने वाले चेहरे सामने नहीं आ पाते।
जानकारों का मानना है कि 243 बल्क लीटर शराब की इतनी बड़ी खेप किसी व्यक्तिगत उपयोग के लिए नहीं लाई जा रही थी। इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में जांच का दायरा केवल वाहन और चालक तक सीमित न रहकर शराब के स्रोत, सप्लायर, खरीदार और पूरे वितरण तंत्र तक पहुंचना चाहिए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि पुलिस इस मामले में गहराई से जांच कर असली मालिकों और नेटवर्क का खुलासा करती है, तो यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब कारोबार पर बड़ी चोट साबित हो सकती है। वहीं यदि जांच केवल गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित रह जाती है, तो पहले की तरह कई सवाल अनुत्तरित रह जाएंगे।
फिलहाल करेली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार के बड़े चेहरे बेनकाब होंगे या फिर मामला केवल शराब की जब्ती और दो गिरफ्तारियों तक ही सिमट कर रह जाएगा।








