*“हाथी-कुत्ते” वाली पोस्ट से गरमाई राजनीति! सांसद के करीबी पर भड़के लोग!*

भोपाल!नर्मदापुरम!नरसिंहपुर!बनखेड़ी। 28 मई 2026

होशंगाबाद लोकसभा क्षेत्र की राजनीति में एक फेसबुक पोस्ट ने बड़ा सियासी बवाल खड़ा कर दिया है। सांसद दर्शन सिंह चौधरी के बेहद करीबी माने जाने वाले और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के सदस्य नीतिराज सिंह पटेल की एक पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। पोस्ट में संत कबीरदास के दोहे के साथ एक एआई जनरेटेड तस्वीर शेयर की गई, जिसे लेकर लोग अब खुलकर सवाल उठा रहे हैं।

दरअसल, पोस्ट में एक हाथी सड़क पर चलता दिखाई दे रहा है और उसके पीछे कई कुत्ते भौंकते नजर आ रहे हैं। सबसे ज्यादा विवाद इस बात को लेकर हुआ कि शुरुआत में हाथी के चेहरे पर सांसद दर्शन सिंह चौधरी की तस्वीर लगाई गई थी। पोस्ट के साथ लिखा गया था कि “निंदा की परवाह मत करो, लोग बिना वजह आलोचना करेंगे।”

बस फिर क्या था… देखते ही देखते सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल हो गई और लोगों ने इसे जनता और विरोधियों का अपमान बताना शुरू कर दिया। कई लोगों ने सवाल उठाए कि क्या सांसद के कामों पर सवाल पूछने वाले लोग “भोंकते कुत्ते” हैं? क्या लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाना अब गलत माना जाएगा?

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सांसद दर्शन सिंह चौधरी लगातार आलोचनाओं के घेरे में हैं। एक तरफ क्षेत्र के एक सुदूर इलाके के लिए पैसेंजर ट्रेन स्वीकृत कराने को बड़ी उपलब्धि बताया गया, तो दूसरी तरफ लोग पूछ रहे हैं कि सांसद के गृहक्षेत्र समेत कई बड़े स्टेशनों पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग आज तक क्यों पूरी नहीं हुई?
इसी बीच ग्राम मलकजरा में बिजली विभाग के जेई महेंद्र गोंडे और किसान विवाद का मामला भी लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। किसान के साथ कथित अभद्रता और फिर कार्रवाई के बजाय मनचाहा ट्रांसफर मिलने को लेकर भी लोग सवाल उठा रहे हैं।

इन तमाम मुद्दों पर हो रही आलोचनाओं के बीच आई इस पोस्ट ने आग में घी डालने का काम कर दिया। विवाद बढ़ता देख करीब एक घंटे बाद पोस्ट एडिट की गई और सांसद का चेहरा तस्वीर से हटा दिया गया, लेकिन हाथी-कुत्तों वाली तस्वीर और दोहा जस का तस बना रहा।

 

अब सवाल यही उठ रहा है कि क्या जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय इस तरह के प्रतीकों के जरिए आलोचकों को निशाना बनाया जा रहा है? और क्या जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट करते समय ज्यादा सावधानी नहीं बरतनी चाहिए?

फिलहाल सोशल मीडिया पर यह मामला लगातार चर्चा में है और लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!