नरसिंहपुर ! 25 मई 2026
नरसिंहपुर के सुभाष वार्ड क्षेत्र के 14 निवासियों ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर अपने आवासीय अधिकारों की सुरक्षा की मांग की है। आवेदकों ने स्वयं को गरीब मजदूर परिवार बताते हुए कहा है कि वे पिछले 20-25 वर्षों से झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे हैं।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि “इशाई चर्च ट्रस्ट” नामक संस्था से जुड़े लोगों द्वारा उन्हें घर खाली करने और झोपड़ियां हटाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित परिवारों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर उन्हें जबरन बेदखल किए जाने से बचाने की मांग की है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि संबंधित परिवारों के पास खुद की जमीन नहीं है और वे नरसिंहपुर की सिद्धि विनायक कॉलोनी क्षेत्र में हरदोल दादा के पास स्थित खाली सरकारी भूमि पर छोटे आवास बनाने की अनुमति चाहते हैं।
मजदूर परिवारों ने जिला कलेक्टर से मामले में संवेदनशीलता के साथ विचार कर आवास और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।








