नरसिंहपुर! 23 मई 2026
रेलवे स्टेशन गाडरवारा में जीआरपी थाना गाडरवारा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यात्रियों, छात्रों, महिलाओं एवं बच्चों को साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।
टीम ने लोगों को समझाया कि ओटीपी, बैंकिंग जानकारी एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति से साझा न करें। सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई।
ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान केवल सुरक्षित और प्रमाणित वेबसाइट से खरीदारी करने, सोशल मीडिया अकाउंट में मजबूत पासवर्ड रखने एवं समय-समय पर पासवर्ड बदलने की बात कही गई। साथ ही साइबर अपराध होने पर 1930 हेल्पलाइन नंबर एवं नजदीकी साइबर थाने में शिकायत करने की जानकारी दी गई।
अभियान में थाना प्रभारी लक्ष्मण झरिया, साइबर सेल से प्रधान आरक्षक सागर उपाध्याय, आरक्षक पिंटू पाल सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। जीआरपी एमपी हेल्प ऐप डाउनलोड करने और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।








