नरसिंहपुर। 22 मई 2026 जिले में भारतीय किसान संघ द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्टर को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में ग्रीष्मकालीन उड़द एवं मूंग की शीघ्र गिरदावरी कराए जाने और गिरदावरी के आधार पर ही उपार्जन प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई है। किसान संघ का कहना है कि इससे छोटे एवं मध्यम किसानों को उनकी उपज का सही लाभ मिल सकेगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक लगेगी।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि जिले के मलाह पिपरिया स्थित मां नर्मदा वेयरहाउस, नया गांव स्थित पंडा वेयरहाउस तथा खमरिया स्थित वेयरहाउस में स्लॉट फुल होने का बहाना बनाकर किसानों को अन्य वेयरहाउसों में भेजा जा रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर कथित रूप से परिचितों के माध्यम से नियमों के विरुद्ध उपार्जन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
इसके साथ ही किसानों की फार्मर आईडी में हल्का पटवारियों द्वारा भूमि संबंधी प्रविष्टियां सही ढंग से दर्ज न किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। किसान संघ ने मांग की कि सभी किसानों की भूमि का सही और पूर्ण रिकॉर्ड दर्ज किया जाए, जिससे उन्हें शासन की योजनाओं और खाद-बीज जैसी सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय बिजली कटौती को लेकर भी ज्ञापन में नाराजगी जताई गई। किसानों ने आरोप लगाया कि रात 1 से 2 बजे के बीच की जा रही बिजली कटौती से सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है, जिसे तत्काल रोका जाना चाहिए।
भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से सभी मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसानों को आगे आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।








