नरसिंहपुर! 15 जुलाई 2026
खबर क्रमांक 1
खराब मक्का बीज से किसान को लाखों के नुकसान का आरोप
जिले के चंद्रपुरा गांव के किसान शुभम अग्रवाल ने मक्का बीज की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। किसान का आरोप है कि गोटेगांव स्थित जैन ट्रेडिंग कंपनी, श्रीधाम से खरीदे गए डिलाव 9126 मक्का बीज का अंकुरण सही तरीके से नहीं हुआ। उन्होंने 10 एकड़ में बुवाई के लिए 14 पैकेट बीज खरीदे थे, जिनकी कीमत 26 हजार 600 रुपये बताई गई है। किसान का दावा है कि खराब बीज के कारण उसे करीब 4 लाख 50 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। शिकायत के बाद भी कंपनी का कोई प्रतिनिधि खेत का निरीक्षण करने नहीं पहुंचा। अब किसान ने कलेक्टर से जांच, खेत का सर्वे, दोषियों पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है। फिलहाल मामले में कृषि विभाग और प्रशासन की जांच का इंतजार है।
खबर क्रमांक 2
पत्नी और दो बच्चों के लापता होने की शिकायत
तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र से एक परिवार के लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी है कि 30 जून को एक व्यक्ति उसकी पत्नी और दो बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पीड़ित का आरोप है कि इस मामले में कुछ अन्य लोगों ने भी सहयोग किया। उसका कहना है कि थाने में केवल गुमशुदगी दर्ज की गई है। अब उसने एसपी से मामले की गंभीर जांच, संबंधित लोगों से पूछताछ और परिवार की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है। फिलहाल पुलिस कार्रवाई और मामले की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
खबर क्रमांक 3
बरमान में खाद्य सुरक्षा अभियान, 34 नमूनों की जांच
वर्षा ऋतु को देखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा अभियान तेज कर दिया गया है। कलेक्टर रजनी सिंह के निर्देशन में करेली तहसील के बरमान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी और चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाई दुकानों, डेयरियों और अन्य प्रतिष्ठानों से जलेबी, दूध, दही, पनीर, पेड़ा, बर्फी, मिर्च पाउडर और टमाटर चटनी सहित कुल 34 खाद्य नमूनों की जांच की गई। वहीं दूध और दही के नमूने विस्तृत परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। व्यापारियों को स्वच्छता और गुणवत्ता के नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
खबर क्रमांक 4
प्री-स्कूल संचालकों के लिए एक माह में पंजीयन अनिवार्य
जिले में संचालित सभी प्री-स्कूल, प्ले-स्कूल, नर्सरी और किंडर गार्डन संचालकों को एक माह के भीतर ऑनलाइन पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर रजनी सिंह ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति संचालित संस्थानों पर पेनाल्टी लगाई जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पंजीयन निरस्त कर वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। पंजीयन दो चरणों में होगा और निर्धारित शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करना होगा। प्रशासन ने सभी संचालकों से समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
खबर क्रमांक 5
समर्थन मूल्य पर मूंग और उड़द की खरीदी जारी
जिले में समर्थन मूल्य पर ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द की खरीदी का कार्य लगातार जारी है। यह प्रक्रिया 1 जुलाई से 10 अगस्त तक चलेगी। इस वर्ष जिले में 47 हजार 909 किसानों ने पंजीयन कराया है। किसानों की सुविधा के लिए 21 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। अब तक 9 हजार 773 किसानों ने स्लॉट बुक कराया है, जबकि 1 हजार 871 किसानों से 12 हजार 719 दशमलव 51 क्विंटल मूंग और उड़द की खरीदी की जा चुकी है।
जिला प्रशासन लगातार उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कर रहा है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।








