नरसिंहपुर! 21 फरवरी 2026 शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था के बीच कलेक्टर रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा द्वारा प्रमुख मार्गों का पैदल निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सड़क पर रखी सामग्री, अस्थायी अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर नाराज़गी जताते हुए दुकानदारों को सख्त हिदायत दी।
लेकिन सवाल यह है कि क्या केवल समझाइश से हालात बदलेंगे?
शहर में वर्षों से बाहरी रोड, मैन रोड, इतवारा बाजार और नगर पालिका चौराहा क्षेत्र अतिक्रमण व अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से जूझ रहे हैं। कई संपन्न व्यापारी चेतावनी के बाद भी नियमों की अनदेखी करते देखे जाते हैं। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों से सामान हटवाया गया, परंतु क्या यह स्थायी समाधान है?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कार्रवाई अक्सर निरीक्षण के दिन तक सीमित रहती है और कुछ ही दिनों में हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं। यदि प्रशासन वास्तव में यातायात व्यवस्था सुधारना चाहता है तो नियमित मॉनिटरिंग, चालानी कार्रवाई और सख्त दंडात्मक कदम उठाने होंगे।

अब निगाहें इस बात पर हैं कि क्या यह पहल निरंतर अभियान का रूप लेगी या फिर शहर को जाम और अव्यवस्था की समस्या से जूझते रहना पड़ेगा।








