*पीएम श्री शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पिपरिया कला में युवा कौशल प्रदर्शनी, छात्राओं ने नवाचार और कौशल का किया शानदार प्रदर्शन!*

नरसिंहपुर ! 27 जुलाई 2026

गाडरवारा। पीएम श्री शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पिपरिया कला, गाडरवारा में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत युवा कौशल प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में छात्राओं ने कृषि एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सहित विभिन्न व्यावसायिक विषयों पर आधारित आकर्षक और नवाचारपूर्ण मॉडल प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मक क्षमता, तकनीकी दक्षता तथा रोजगारोन्मुखी कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्य मीना अग्रवाल की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप व्यावसायिक शिक्षा विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक दक्षता, स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।

प्रदर्शनी में व्यावसायिक शिक्षक रजनीश कौरव (कृषि) एवं व्यावसायिक शिक्षिका रितु श्रीवास (आईटी) ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए विभिन्न मॉडलों की उपयोगिता और तकनीकी विशेषताओं की जानकारी दी। छात्राओं ने आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक खेती, डिजिटल तकनीक, सूचना प्रौद्योगिकी और रोजगार आधारित गतिविधियों से जुड़े मॉडल प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर रजनीश कौरव ने विद्यार्थियों को कौशल विकास, कृषि शिक्षा, रोजगार कौशल, आधुनिक एवं जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट, हरी खाद, प्राकृतिक खेती, कृषि उद्यमिता और कृषि व्यापार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कृषि आज रोजगार और स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बन चुकी है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट और हरी खाद के उपयोग पर भी जोर दिया।

विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक सुरेश श्रीवास ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करती हैं और उनमें सीखने की नई ऊर्जा का संचार करती हैं। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य मीना अग्रवाल ने सभी प्रतिभागी छात्राओं, मार्गदर्शक शिक्षकों एवं आयोजन टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, स्टाफ एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। विद्यालय परिसर में पूरे समय उत्साह, नवाचार और सीखने का प्रेरणादायक वातावरण देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!