नरसिंहपुर । 17 अप्रैल 2026 आगामी 19 अप्रैल को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के सामूहिक विवाह सम्मेलन से ठीक पहले आवेदनों के निरस्तीकरण का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। प्रभावित आवेदक योजना की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।
🗣️ आवेदकों का आरोप है कि उन्होंने विधिवत आवेदन किए, जनपद पंचायत स्तर पर सत्यापन भी कराया गया और फाइलें जिला पंचायत तक भेजी गईं। इसके बावजूद विवाह तिथि से महज 3 दिन पहले दूरभाष के माध्यम से आवेदन निरस्त किए जाने की सूचना दी गई। जबकि कई परिवारों ने विवाह की पूरी तैयारियां कर ली थीं और रिश्तेदारों को भी आमंत्रित कर दिया था।
➡️ इसी क्रम में हरिप्रसाद गौंड, निवासी डोकरघाट ने जनपद पंचायत नरसिंहपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदन देकर न्याय की मांग की है। उन्होंने बताया कि 26 मार्च 2026 को अपने पुत्र का विवाह ग्राम सिलवानी निवासी युवती से योजना के तहत कराने के लिए आवेदन किया था, जो सत्यापित होकर जिला पंचायत भेजा गया था। लेकिन 16 अप्रैल को अचानक कॉल कर आवेदन निरस्त होने की जानकारी दी गई, जबकि कारण स्पष्ट नहीं किया गया।
🗣️ “सिर्फ एक नहीं, कई आवेदक प्रभावित”
इस मामले में नरसिंहपुर उपाध्यक्ष कन्छेदी पटैल ने भी सरकार प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह समस्या केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि कई आवेदक इससे प्रभावित हुए हैं। उनके अनुसार, लगातार लोगों के फोन आ रहे हैं, जिनमें सभी यही बता रहे हैं कि आवेदन करने के बाद भी ऐन वक्त पर उन्हें निरस्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि सीमित संख्या में, मान लें 200, आवेदन ही स्वीकार करने थे, तो उतने ही आवेदन लिए जाने चाहिए थे। बड़ी संख्या में आवेदन लेकर अंतिम समय में मना करना आवेदकों को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह से नुकसान पहुंचा रहा है।
➡️ पटैल ने यह भी सवाल उठाया कि जब आवेदन की अंतिम तिथि पहले 5 अप्रैल थी और बाद में 8 अप्रैल तक बढ़ाई गई, तो अधिक आवेदन आने के बावजूद तिथि बढ़ाने का निर्णय क्यों लिया गया। उन्होंने कहा कि नरसिंहपुर जैसे जिले, जहां दो मंत्री प्रतिनिधित्व करते हैं, वहां इस तरह की स्थिति सामने आना चिंताजनक है।
➡️ प्रभावित आवेदकों का कहना है कि इस घटनाक्रम से उन्हें सामाजिक असहजता और बेइज्जती का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
(नोट: यह आरोप आवेदकों के हैं। प्रशासनिक पक्ष आना शेष है।)
नोट- जानकारी – अनुसार 200 लोगों की शादी के आवेदन स्वीकृत हुये हैं, इसके ऊपर की संख्या के निरस्त कर दिये गये हैं!








