*स्मैक के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, 65 ग्राम से ज्यादा नशा जब्त; 3 गिरफ्तार!*

नरसिंहपुर। 18 अगस्त 2026  जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ नरसिंहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 65.20 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत यह कार्रवाई की गई।

कोतवाली पुलिस की कार्रवाई में दो गिरफ्तार
थाना कोतवाली पुलिस अपराध पतासाजी और मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान पंचमुखी हनुमान मंदिर से तिन्दनी रोड की ओर दो संदिग्ध युवक जाते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

पूछताछ में उनकी पहचान सौरभ उर्फ सोनू मेहरा (26), निवासी महाकौशल नगर बायपास, नरसिंहपुर और सिद्धांत उर्फ टिंकू श्रीवास्त्री (28), निवासी गयादत्त वार्ड, थाना स्टेशनगंज, नरसिंहपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान सौरभ के कब्जे से 31.90 ग्राम स्मैक और पोको कंपनी का मोबाइल, जबकि सिद्धांत के कब्जे से 21.70 ग्राम स्मैक और वीवो कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया। दोनों के पास से कुल 53.60 ग्राम स्मैक जब्त की गई।

करेली में भी स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार
इसी अभियान के तहत थाना करेली पुलिस को सूचना मिली थी कि इमलिया रोड स्थित ओवरब्रिज के नीचे एक व्यक्ति स्मैक लेकर बिक्री की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध खेतों की ओर भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान नरेंद्र उर्फ बड्डू कौरव (57), निवासी कुम्भीडाबर, थाना करेली के रूप में हुई। तलाशी में उसके कब्जे से 11.60 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

इस तरह कोतवाली और करेली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीनों आरोपियों से कुल 65.20 ग्राम स्मैक, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये है, जब्त की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों से स्मैक के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में कोतवाली और करेली थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!