नरसिंहपुर। 18 अगस्त 2026 अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत गोटेगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के पास से 14 पेटी देशी मसाला एवं प्लेन शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से जबलपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि करकवेल की ओर से ट्रेन के माध्यम से भारी मात्रा में अवैध शराब गोटेगांव लाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के आसपास घेराबंदी की। टपरिया मोहल्ला, टूल बाम्स के पास दो युवकों को शराब से भरी बोरियों के साथ पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिनव वंशकार उर्फ गोल्डी (20), निवासी गुरंदी बाजार, थाना बेलबाग, जबलपुर और आदित्य बेन उर्फ छोटू (21), निवासी सीतलामाई बल्दीकोरी की दफाई, थाना घमापुर, जबलपुर के रूप में हुई है।
आरोपियों के कब्जे से करीब 14 पेटी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।








