*नरसिंहपुर TOP 7 NEWS | पहली बारिश में डूबा शहर | पत्नी ने कराई पति की हत्या? | GI टैग की बड़ी खुशखबरी!*

नरसिंहपुर ! 2 जुलाई 2026 | नरसिंहपुर की 7 बड़ी खबरें

खबर – 1
1. पहली बारिश में खुली नगर पालिका की पोल
जुलाई माह की पहली तेज बारिश ने नरसिंहपुर नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी। कृष्णा वार्ड की सिंधी कॉलोनी, सांकल रोड के मुशरान वार्ड और तिलक वार्ड की उद्योगपुरी में जलभराव की स्थिति बन गई। कई घरों में नालियों का गंदा पानी घुस गया, जबकि अधूरी जल निकासी व्यवस्था के कारण चार फीट गहरी नालियां भी लबालब भर गईं। स्थानीय लोगों ने समय पर सफाई नहीं होने का आरोप लगाया है। फिलहाल प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आया है।

खबर -2

2. ऊमर नदी उफान पर, श्रीनगर-तरवारा-नगवारा मार्ग बंद
लगातार बारिश के कारण श्रीनगर से तरवारा-नगवारा जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। ऊमर नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है, जिससे दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों ने नए पुल के निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

 

खबर -3
3. बारूरेवा ब्लाइंड मर्डर का खुलासा
बारूरेवा रेलवे पुल के पास मिले शव के मामले में नरसिंहपुर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मृतक तुलसीराम मेहरा की हत्या उसकी पत्नी, कथित प्रेमी और एक अन्य साथी ने मिलकर की थी। पुलिस के अनुसार दावत के बहाने बुलाकर रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

खबर  – 4

4. करेली का गुड़ और बरमान का बैंगन बने राष्ट्रीय पहचान
नरसिंहपुर जिले के लिए गर्व की खबर है। करेली के प्रसिद्ध गुड़ और बरमान घाट के बैंगन को भौगोलिक संकेतक (GI Tag) मिल गया है। मध्यप्रदेश के 12 उद्यानिकी उत्पादों के साथ इन दोनों उत्पादों को भी कानूनी संरक्षण और नई पहचान मिली है, जिससे किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिलने की उम्मीद है।

 

खबर – 5

5. शिक्षा विभाग पर कलेक्टर के सख्त निर्देश
कलेक्टर रजनी सिंह ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधार, विद्यार्थियों की उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर देते हुए नवंबर-दिसंबर तक पूरा पाठ्यक्रम समाप्त करने, जुलाई से कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं शुरू करने तथा जर्जर स्कूल भवनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग की वर्ष में तीन बार व्यापक समीक्षा भी की जाएगी।

 

खबर -6
6. नारगी-माल्हनवाड़ा में कलेक्टर का औचक निरीक्षण
कलेक्टर रजनी सिंह ने चीचली विकासखंड के नारगी-माल्हनवाड़ा गांव में आंगनवाड़ी केंद्र और शासकीय माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश अधिकारियों को दिए।

 

खबर – 7

7. हाई प्रोफाइल जुआ फड़ का पर्दाफाश
जिस खबर को सबसे पहले पोलखोल न्यूज़ ने 1 जुलाई की रात प्रकाशित किया था, उस पर अब पुलिस कार्रवाई हुई है। नरसिंहपुर पुलिस ने हाई प्रोफाइल जुआ फड़ का पर्दाफाश करते हुए 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक काली स्कॉर्पियो, लाखों रुपये के दांव से जुड़े साक्ष्य और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों से पूछताछ कर रही है। प्रशासनिक कार्रवाई ने एक बार फिर पोलखोल न्यूज़ की खबर की पुष्टि कर दी है।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!