नरसिंहपुर। 4 सितंबर 2026 जिला मुख्यालय के समीपी ग्राम सिंहपुर निवासी प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत को जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर का कुलगुरु (कुलपति) नियुक्त किए जाने पर नगर आगमन पर नागरिक अभिनंदन किया गया। उनकी नियुक्ति से नरसिंहपुर जिले में खुशी की लहर है।
प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत वर्तमान में डॉ. हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर में समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग के अधिष्ठाता के पद पर पदस्थ हैं। इसके साथ ही वे विभिन्न शैक्षणिक समितियों में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा नियुक्ति पत्र जारी कर उन्हें जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर का कुलगुरु नियुक्त किया गया।
कुलगुरु नियुक्त होने के बाद नरसिंहपुर आगमन पर उनके शुभचिंतकों और नागरिकों ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रो. राजपूत ने अपने गृह ग्राम सिंहपुर पहुंचकर कुलदेवी मां भगवती, लक्ष्मी नारायण मंदिर एवं बलदाऊ मंदिर में प्रसाद अर्पित कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने साधारण किसान परिवार से निकलकर अपनी शैक्षणिक योग्यता, प्रतिभा एवं कौशल के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
उनकी नियुक्ति को जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए शुभचिंतकों ने उम्मीद जताई कि वे अपने अनुभव और कार्यकुशलता से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को नई दिशा देंगे। नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शुभचिंतक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।








