नरसिंहपुर, 3 सितंबर 2026 । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले के चावरपाठा ब्लॉक के नगर परिषद तेंदूखेड़ा अंतर्गत ग्राम ढीलवार-मर्रावन में पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना ने ग्रामीणों को यातायात नियमों, नशा मुक्ति और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
अपने संबोधन में एसपी मीना ने कहा कि पुलिस सदैव जनता के साथ है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार या अन्य गैरकानूनी गतिविधियां संचालित हो रही हैं, तो इसकी जानकारी पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं, कार्यालय आकर जानकारी दे सकते हैं या उनके मोबाइल नंबर पर सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
एसपी मीना ने यातायात नियमों का पालन करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें और शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं। उन्होंने ग्रामीणों से सड़क सुरक्षा को लेकर स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए भी सतर्क रहने की सलाह दी। एसपी ने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य निजी जानकारी साझा न करें और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
एसपी मीना ने ग्रामीणों से अपील की कि नशे और अपराध के खिलाफ पुलिस का सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बनाया जा सके।
वहीं मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर रजनी सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह नागेश ने ग्राम ढीलवार का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने गांव में विभिन्न शासकीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राशन वितरण, खाद व्यवस्था, स्वच्छता, पंचायत भवन सहित शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों से व्यवस्थाओं और आमजन को मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने गांव के शैक्षणिक संस्थाओं का भी निरीक्षण किया। स्कूलों में बच्चों की कम उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में सुधार करने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर रजनी सिंह ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के सख्त निर्देश दिए।








