नरसिंहपुर। 13 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ नरसिंहपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इसी अभियान के तहत गोटेगांव थाना पुलिस ने ग्राम झांसीघाट के पास घेराबंदी कर एक वेन्यू कार से 10 पेटी अंग्रेजी शराब (गोवा व्हिस्की) जब्त की। पुलिस के अनुसार जब्त शराब और वाहन सहित करीब 11 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
मामले में पुलिस ने अशोक राठौर (50 वर्ष), निवासी ग्राम नोनी, थाना गोटेगांव को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई अन्य कार्रवाइयों में कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों के कब्जे से 225 पाव देशी शराब और 52 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों पर निगरानी बढ़ाई गई है तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है।
“ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात पुलिस ने कही है।








