नरसिंहपुर: TET की अनिवार्यता से मुक्ति के लिए शिक्षकों ने भोलेनाथ के दरबार में लगाई अर्जी, OPS समेत कई मांगों को लेकर किया संकीर्तन

नरसिंहपुर। 14  सितम्बर 2026  पीएमयूएम शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर रविवार को नरसिंहपुर की अरमान नगर कॉलोनी स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में शिक्षकों ने विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया। इस दौरान शिक्षकों ने भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन एवं संकीर्तन कर अपनी लंबित मांगों के निराकरण के लिए शिवजी के चरणों में अर्जी समर्पित की।

शिक्षकों ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता से मुक्ति, प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता की गणना, पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली तथा केंद्रीय वेतनमान का लाभ दिए जाने सहित विभिन्न मांगें उठाईं।

शिक्षकों का कहना है कि वे लंबे समय से शिक्षा विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में वर्षों से कार्यरत शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता को लेकर उनके बीच असंतोष है। अपनी मांगों के समर्थन में शिक्षकों ने धार्मिक तरीके से प्रार्थना और संकीर्तन करते हुए शासन से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।

विदिशा से भी पहुंचे शिक्षक
कार्यक्रम में नरसिंहपुर के अलावा विदिशा जिले से आए शिक्षक साथियों ने भी सहभागिता की। इस दौरान कर्मचारी कल्याण कोष पीएमयूएम संघ के जिला प्रभारी हरगोविंद लोधी, शरद कुमार पांडे, हरिओम दुबे, मयंक पटेल, रामलाल मेहरा, नारायण प्रसाद सेन, विनोद पटेल, निरंजन पटेल, हरि नारायण मिश्रा, संतोष कुमार मेहरा एवं सविता ठाकुर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

शिक्षकों ने एकजुट होकर शासन से अपनी मांगों पर सकारात्मक और शीघ्र निर्णय लिए जाने की अपेक्षा जताई।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!