नरसिंहपुर। 2 जुलाई 2026 जिले के सिंगपुर चौराहा स्थित ब्रिज के पास एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्टेशनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान तुलसीराम झारिया (पिता– डोरीलाल झारिया), उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी बहोरीगंज के रूप में हुई। पहचान की पुष्टि के लिए पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया।
फिलहाल मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि, शव की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार मृतक अपनी पत्नी के साथ सिंगपुर में रह रहा था, जबकि उसकी पत्नी दो-तीन दिन पहले अपने मायके गई हुई थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।








