नरसिंहपुर। 4 नवंबर 2026 किसानों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण और गन्ने का उचित मूल्य निर्धारित करने सहित 6 सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रवादी किसान आर्मी संगठन नरसिंहपुर के पदाधिकारी एवं किसान कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे।
संगठन की प्रमुख मांगों में गन्ने का मूल्य ₹600 प्रति क्विंटल निर्धारित करना, चुनावी घोषणा के अनुरूप ₹100 प्रति क्विंटल बोनस देना, खराब सोयाबीन एवं उड़द की फसलों का मुआवजा और फसल बीमा राशि दिलाना, जंगली सूअरों से फसलों को होने वाले नुकसान पर रोकथाम एवं प्रभावित किसानों को मुआवजा देना शामिल है।
इसके अलावा महाकौशल शुगर मिल (बचई) से गन्ना किसानों का बकाया भुगतान समय पर कराने तथा यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी ज्ञापन में उठाई गई है।
किसान काफी देर से कलेक्ट्रेट कार्यालय में बैठे रहे और कलेक्टर रजनी सिंह के समक्ष ज्ञापन सौंपने की मांग करते रहे। किसानों का कहना है कि उनकी मांगें हजारों किसानों की आजीविका और आर्थिक स्थिति से जुड़ी हुई हैं। शासन-प्रशासन को इन समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निराकरण करना चाहिए।
संगठन ने मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की है।
देखिए पूरी खबर… कलेक्ट्रेट में किसानों ने क्या कहा और अपनी मांगों को लेकर क्या रखी बात? सिर्फ पोल खोल न्यूज़ पर।








