नरसिंहपुर। 15 सितम्बर 2026 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के तहत जागरूकता एवं क्विज़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रतियोगिता के लिए अपना पंजीकरण कराया।
कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी उमंग कुमार जैन एवं डाइट प्राचार्य राजीव कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिक्षक आनंद शर्मा एवं जी.एल. उप्रेलिया का भी कार्यक्रम के संचालन में विशेष सहयोग रहा।
वॉलंटियर्स ने छात्र-छात्राओं को ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ की चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। बताया गया कि राष्ट्रीय स्तर की इस पहल के तहत देशभर से 3,000 प्रतिभाशाली युवाओं का चयन किया जाएगा। क्विज़ में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तर पर निबंध लेखन के लिए चुना जाएगा। इसके बाद उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया जाएगा।
राज्य स्तर पर चयनित युवाओं को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष विचार रखने का अवसर भी चयनित युवाओं को मिलेगा।
इस दौरान वॉलंटियर्स खुशी ढिमोले, सौरभ शर्मा एवं कालूराम विश्वकर्मा ने छात्र-छात्राओं का मौके पर ही डिजिटल माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कराया और उन्हें प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।








