*दस साल से पुलिया और सड़क की मांग, बारिश में बढ़ा संकट: परसवाड़ा के ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार!*

नरसिंहपुर ! 18 अगस्त 2026

टिकरी (मुंगली) के ग्राम परसवाड़ा में बारिश के चलते पुलिया की स्थिति खराब होने से ग्रामीणों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन देकर पुलिया का शीघ्र सुधार कार्य कराने की मांग की है।

आवेदन में ग्राम पटेल अशोक कुमार साहू ने बताया कि मुंगली रोड से परसवाड़ा मार्ग के बीच नदी पर बनी पुलिया के एक तरफ की मिट्टी बारिश के कारण बह गई है। यह मार्ग ग्रामीणों के लिए आवागमन का प्रमुख रास्ता है। यदि समय रहते पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई तो रास्ता पूरी तरह बंद होने की आशंका है। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों को आने-जाने में परेशानी हो सकती है।

ग्रामीणों के अनुसार परसवाड़ा गांव दो पंचायतों के अंतर्गत आता है। पूर्व में पुलिया के एक हिस्से का सुधार कार्य मानेगांव पंचायत द्वारा कराया गया था, जबकि वर्तमान में संबंधित हिस्सा ग्राम पंचायत टिकरी के अंतर्गत आता है। ग्रामीण लंबे समय से पुल और सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और नरसिंहपुर जनसुनवाई में शिकायतें दर्ज करा चुके हैं। आवेदन में वर्ष 2016 से 2024 तक मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की कई शिकायतों तथा वर्ष 2024 से 2025 तक जनसुनवाई में दिए गए आवेदनों का विवरण भी प्रस्तुत किया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायतें और मांगें उठाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो सका। उनका कहना है कि पुल और सड़क निर्माण को लेकर पूर्व में स्वीकृति मिलने के बावजूद कार्य आगे नहीं बढ़ पाया। अब बारिश के मौसम में पुलिया की स्थिति और खराब होने से दुर्घटना एवं आवागमन बाधित होने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से जनहित को ध्यान में रखते हुए पुलिया का तत्काल सुधार कार्य कराने तथा स्थायी रूप से पुल और सड़क निर्माण की कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि गांव का आवागमन सुचारु बना रहे।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

नरसिंहपुर: सिंहपुर बड़ा की बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं, सालों से निवासरत परिवारों ने मांगे आवासीय पट्टे! जनसुनवाई में उठी आवासीय पट्टे की मांग, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील। 📹 पूरी खबर देखिए- पोलखोल न्यूज़ पर।

error: Content is protected !!