नरसिंहपुर। 2 नवंबर 2026 जिले के चावरपाठा स्थित शासकीय पशु चिकित्सालय में शासकीय कार्य के दौरान पशु चिकित्सक के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पशु चिकित्सालय चावरपाठा में पदस्थ पशु चिकित्सक डॉ. राजीव जैन ने पुलिस अधीक्षक, जिला नरसिंहपुर को लिखित शिकायत देकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
शिकायत में डॉ. राजीव जैन ने बताया कि 29 अक्टूबर 2026 को दोपहर लगभग 12:30 बजे वे पशु चिकित्सालय में अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए श्री कोमल पॉली की भैंस का उपचार कर रहे थे। इसी दौरान अभिजीत लोधी अपने एक सुरक्षा कर्मी के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की और शासकीय अभिलेखों से छेड़छाड़ करने लगे।
डॉ. जैन के अनुसार, जब उन्होंने संबंधित व्यक्तियों को शासकीय कार्य में बाधा नहीं डालने का अनुरोध किया तो वे आक्रोशित हो गए और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई एवं मारपीट की। शिकायत में जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया गया है। चिकित्सक ने बताया कि घटना के बाद वे और स्थानीय स्टाफ भयभीत हैं।
पुलिस चौकी में शिकायत, मेडिकल परीक्षण भी कराया
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना के संबंध में पुलिस चौकी बरमान, जिला नरसिंहपुर में शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना के दिन 29 अक्टूबर को दोपहर लगभग 2 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमान कला में उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। हालांकि, शिकायत में उल्लेख किया गया है कि अभी तक उन्हें एफआईआर की प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई है।
चिकित्सक ने मांगी सुरक्षा और कार्रवाई
डॉ. राजीव जैन ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने तथा स्वयं एवं चिकित्सालय के स्टाफ को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है, ताकि शासकीय कर्मचारी बिना किसी भय के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
इस शिकायत की प्रतिलिपि उपसंचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग नरसिंहपुर को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ भेजी गई है।
फिलहाल, मामले में शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और दूसरे पक्ष का पक्ष सामने आना शेष है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पोलखोल न्यूज़ | नरसिंहपुर
निष्पक्ष • निर्भीक








