*बरमान PHC में ड्रेसर, वार्ड बॉय और सपोर्ट स्टाफ की कमी, एंबुलेंस सुविधा भी नहीं; एक सप्ताह में व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन की चेतावनी!*

नरसिंहपुर।8 अगस्त 2026  बरमान स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं और स्टाफ की कमी को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। ग्रामीणों और क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अस्पताल में ड्रेसर, वार्ड बॉय एवं सपोर्ट स्टाफ की व्यवस्था किए जाने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि बरमान एक महत्वपूर्ण एवं पवित्र धार्मिक स्थल है, जहां स्थानीय नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का भी आवागमन होता है। ऐसी स्थिति में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्रेसर की व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटनाओं एवं चोट के मामलों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा अस्पताल में वार्ड बॉय, सपोर्ट स्टाफ और एंबुलेंस सुविधा का भी अभाव बताया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर पूर्व में भी अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से समस्या बनी हुई है। नागरिकों ने मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरमान में आवश्यक स्टाफ की शीघ्र नियुक्ति की जाए और एंबुलेंस सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया, तो स्थानीय नागरिक अस्पताल परिसर में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

इस संबंध में युवा समाजसेवी राजेंद्र पटेल सहित महेंद्र कौरव, अजय पटेल, रवि विश्वकर्मा और सचिन सिलावट ने स्वास्थ्य विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!