नरसिंहपुर। 8 नवंबर 2026 शहर के मुख्य चौराहे स्थित सुभाष पार्क के समीप बने आनंदम केंद्र का उद्देश्य जरूरतमंदों को निःशुल्क पुराने वस्त्र उपलब्ध कराना था, लेकिन वर्तमान में केंद्र पर ताला लगा होने के कारण लोग अपने पुराने कपड़े केंद्र के बाहर ही छोड़कर जा रहे हैं।
करीब दस वर्ष पहले शुरू किए गए इस केंद्र की परिकल्पना थी कि लोग अपने उपयोग में नहीं आने वाले साफ-सुथरे कपड़े यहां जमा करें और जरूरतमंद लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार इन्हें लेकर जा सकें।
लेकिन दीपावली, 8 नवंबर को सामने आई तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई सप्ताह से आनंदम केंद्र का ताला नहीं खुला है।
इसके चलते पिछले एक सप्ताह से लोग बड़ी संख्या में केंद्र के बाहर ही कपड़े रखकर जा रहे हैं।
लोगों को उम्मीद है कि नगर पालिका के जिम्मेदार कर्मचारी समय-समय पर इन कपड़ों को अंदर रखेंगे और जरूरतमंदों तक पहुंचाएंगे, लेकिन बाहर जमा होते कपड़ों का ढेर अब राहगीरों के लिए भी परेशानी का कारण बनने लगा है। स्थिति यह है कि पास में सब्जी का व्यवसाय करने वाले एक दुकानदार को बाकायदा एक तख्ती लगाकर लोगों से कपड़े बाहर नहीं रखने की अपील करनी पड़ी है।
सवाल यह है कि जब आनंदम केंद्र पर ताला ही लगा रहेगा, तो जरूरतमंदों को इसका लाभ कैसे मिलेगा?
नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों से अपेक्षा है कि आनंदम केंद्र को नियमित रूप से खोला जाए, कपड़ों के रखरखाव और वितरण की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि इस जनहितकारी पहल का उद्देश्य पूरा हो सके।
पोलखोल की अपील: कृपया आनंदम केंद्र के बाहर कपड़े न छोड़ें।
जरूरतमंदों को संभव हो तो स्वयं साफ-सुथरे वस्त्र भेंट करें, ताकि आपकी मदद सीधे जरूरतमंद तक पहुंच सके।
देखिए पूरी खबर पोलखोल न्यूज़ पर।








