*सुनवाई नहीं होती तो क्यों न इस्तीफा दे दूं’- नगर पालिका पहुंचकर पार्षद नवाब कुरैशी ( नब्बा) ने जताई नाराजगी, देखिये पूरी खबर पोलखोल पर!*

नरसिंहपुर। 16 सितम्बर 2026 नगर के शिवाजी वार्ड के पार्षद नवाब कुरैशी (नब्बा) बुधवार, 16 सितंबर को नगर पालिका नरसिंहपुर पहुंचे। नगर पालिका अधिकारियों की कार्यप्रणाली और अपने वार्ड की समस्याओं के निराकरण में कथित देरी से नाराज पार्षद ने इस्तीफा देने की बात कही।

पार्षद नवाब कुरैशी ने बताया कि वह पिछले कई महीनों से अपने वार्ड की विभिन्न समस्याओं को लेकर नगर पालिका प्रशासन को आवेदन और निवेदन के माध्यम से अवगत करा रहे हैं, लेकिन उनका कहना है कि अपेक्षित सुनवाई नहीं हो रही है। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने नगर पालिका पहुंचकर इस्तीफा देने की बात कही।

 

पार्षद के अनुसार, वार्ड में प्रस्तावित आंगनवाड़ी भवन के निर्माण को लेकर भूमि संबंधी विवाद का मामला सामने आया है। एक भूमि स्वामी द्वारा कथित कब्जे को लेकर शिकायत की गई थी, जिस पर पूर्व में नगर पालिका और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई एवं पंचनामा भी हुआ था। इसके अलावा रामनगर स्थित शासकीय खाली भूमि पर सुलभ कॉम्प्लेक्स निर्माण और उससे जुड़े बजट को लेकर भी पार्षद ने नाराजगी जताई।

 

नवाब कुरैशी का कहना है कि जब उनके वार्ड में विकास कार्यों को लेकर लगातार समस्याएं बनी हुई हैं और वार्डवासी परेशान हैं, तो ऐसे में उनके जनप्रतिनिधि बने रहने का क्या औचित्य है। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं होता तो वे इस्तीफा देने को मजबूर होंगे।

इसी दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नीरज दुबे (महाराज) ने पार्षद से बातचीत की और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। अध्यक्ष ने सार्वजनिक प्रसाधन के निर्माण को जल्द शुरू कराने की बात कही। वहीं आंगनवाड़ी की भूमि से जुड़े मामले को नगर पालिका के अधिकार क्षेत्र से बाहर बताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें तहसील और न्यायालय से जुड़ा मामला है।

नगर पालिका के सीएमओ गजेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि पार्षद का इस्तीफा स्वीकार करने का अधिकार उनके पास नहीं बल्कि कलेक्टर के पास है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर पालिका प्रशासन नहीं चाहता कि नवाब कुरैशी इस्तीफा दें और समस्याओं के समाधान की दिशा में जल्द निष्कर्ष निकाला जाएगा।

वहीं, पार्षद के प्रतिनिधि आरिफ खान का कहना है कि बार-बार आवेदन और निवेदन करने के बावजूद यदि सुनवाई नहीं होती है, तो इस्तीफा देने के अलावा क्या रास्ता बचता है।

पार्षद नवाब कुरैशी ने अब 17 सितंबर को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर इस्तीफा देने की बात कही है। ऐसे में अब देखना होगा कि वे वास्तव में अपना इस्तीफा सौंपते हैं या नगर पालिका प्रशासन द्वारा उनकी नाराजगी दूर कर उन्हें मनाया जाता है।

पूरे मामले पर नजर बनी हुई है। देखिये पूरी खबर और आगे की अपडेट सिर्फ पोलखोल पर।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!