नरसिंहपुर, 15 सितंबर 2026। ग्राम कुम्हड़ी मेहरा टोला, तहसील करेली के ग्रामीणों ने गांव में आवागमन के लिए उपयोग किए जा रहे कच्ची नहर मार्ग की खराब स्थिति को लेकर जनसुनवाई में कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों के अनुसार, उक्त मार्ग कई वर्षों से कच्चा है और वर्तमान में अत्यधिक जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। बारिश के दौरान मार्ग पर कीचड़ और जलभराव होने से आवागमन में काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को आना-जाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्षा ऋतु में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे लोगों को अपने आवश्यक कामों के लिए आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मार्ग पर बजरी और मुरम आदि डलवाकर तत्काल दुरुस्तीकरण कराया जाए तथा भविष्य में सड़क निर्माण की व्यवस्था की जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई की उम्मीद जताई है। देखिए, ग्रामीणों ने पोलखोल से क्या कहा।








