*खेत तक रास्ते की मांग को लेकर किसान ने फिर सौंपा ज्ञापन !*

नरसिंहपुर, 15 सितंबर 2026।

गोटेगांव। तहसील क्षेत्र के ग्राम जटलापुर निवासी किसान हाकम सिंह एवं सम्मर सिंह लोधी लंबे समय से खेत तक पहुंचने के लिए उचित रास्ते की समस्या से परेशान हैं। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर युवक रूपसिंह लोधी ने मंगलवार को दोबारा प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
किसानों के अनुसार खसरा नंबर 98/3, 98/4 और 98/5 में उनकी कुल 3.6130 हेक्टेयर जमीन है। खेत तक पहुंचने वाला रास्ता कच्चा और काफी संकरा है, जिसके कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली, मोटरसाइकिल और कृषि उपकरण खेत तक ले जाने में परेशानी होती है।

बारिश के दिनों में रास्ते में पड़ने वाले नाले में पानी भर जाने से समस्या और गंभीर हो जाती है। कई बार आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है और किसानों को दूसरे गांव से होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता है।
किसानों का कहना है कि इस समस्या का असर बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा पर भी पड़ रहा है। उनकी बच्चियां इसी दुर्गम रास्ते से स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं। बरसात के दौरान रास्ता खराब होने और नाले में पानी भरने से बच्चों को स्कूल भेजना भी चिंता का विषय बना रहता है।

 

किसान  के मुताबिक उन्होंने पूर्व में तहसील स्तर से लेकर कलेक्टर तक अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए हैं। संबंधित पटवारी के समक्ष भी समस्या रखी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

अब 15 सितंबर को दोबारा ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराने और खेत तक पहुंचने के लिए उचित एवं सुगम रास्ते की व्यवस्था कराने की मांग की गई है। किसानों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करेगा, जिससे खेती-किसानी के कार्यों के साथ ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का आवागमन भी सुरक्षित एवं सुगम हो सके।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!