नरसिंहपुर। 14 सितम्बर 2026 पर्यावरण संरक्षण और जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में जिले में “माटी गणेश, सिद्ध गणेश अभियान-2026” के तहत विभिन्न स्थानों पर गणेश प्रतिमा निर्माण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। ग्राम कोदरास कला, विकासखंड साईंखेड़ा तथा शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नरसिंहपुर में आयोजित कार्यशालाओं में प्रतिभागियों को प्राकृतिक एवं शुद्ध मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।
अभियान का उद्देश्य प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) एवं रासायनिक रंगों से निर्मित प्रतिमाओं के स्थान पर प्राकृतिक मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना को प्रोत्साहित करना है। साथ ही प्रतिमा विसर्जन के कारण जलस्रोतों में होने वाले प्रदूषण को रोकने और पर्यावरण-अनुकूल गणेशोत्सव के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
कोदरास कला में ग्रामीण समितियों ने की
सहभागिता
विकासखंड नरसिंहपुर के ग्राम कोदरास कला में नवांकुर संस्था सतपुड़ा जन कल्याण समिति के तत्वावधान में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों कोदरास कला, कोदरास खुर्द, गोरखपुर, बुड़ैना चावरपाठा एवं ऊसरी के संयुक्त सहयोग से कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें नवांकुर संस्थाओं एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक जयनारायण शर्मा ने पीओपी और रासायनिक रंगों से बनी प्रतिमाओं के विसर्जन से जलस्रोतों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से प्राकृतिक मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को अपनाने का आह्वान किया।
साईंखेड़ा में विकासखंड स्तरीय कार्यशाला
विकासखंड साईंखेड़ा के सीएम राइज स्कूल में सृजन योजना के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधियों, सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम के परामर्शदाताओं एवं छात्र-छात्राओं, नवांकुर सखियों तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की।
कार्यशाला में विकासखंड समन्वयक स्मिता दाण्डे सहित वरिष्ठ समाजसेवी रेवा शंकर कटारे, हरिगोपाल श्रीवास्तव, परामर्शदाता सपना तोमर, विद्यालय के प्राचार्य सी.के. विश्वकर्मा एवं अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे।
स्मिता दाण्डे ने बताया कि “माटी गणेश, सिद्ध गणेश” पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखकर चलाया जा रहा प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान है। उन्होंने कहा कि विकासखंड के प्रत्येक ग्राम में प्राकृतिक मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के लिए जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने खुद बनाईं गणेश प्रतिमाएं
शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नरसिंहपुर में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) की कक्षा के विद्यार्थियों के लिए गणेश प्रतिमा निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं प्राकृतिक मिट्टी से भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का निर्माण किया।
कार्यशाला में जिला समन्वयक जयनारायण शर्मा, परामर्शदाता शशिकांत मिश्रा, वृंदा ढिमोले एवं अंकित पटेल, नवांकुर संस्था सुदर्शन जन कल्याण समिति के उपाध्यक्ष नन्हा लोधी, आनंद विभाग की मास्टर ट्रेनर मुक्ति राय सहित अन्य कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यशालाओं में प्रतिभागियों को प्राकृतिक मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने स्वयं मिट्टी से प्रतिमाएं बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्राकृतिक मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।








