नरसिंहपुर । 18 अगस्त 2026 तहसील करेली के ग्राम केरपानी स्थित कक्षा 12वीं तक के स्कूल में आसपास के गांव समनापुर, रमपुरा, गोकला, कुडारी और बिछुआ के विद्यार्थी पढ़ने के लिए आते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल तक पहुंचने वाली सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण स्कूली बच्चों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या को लेकर समस्त ग्रामवासियों और विद्यार्थियों ने अनुविभागीय अधिकारी नरसिंहपुर के नाम आवेदन सौंपकर सड़क की समस्या का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के गांवों में 12वीं तक स्कूल नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में बच्चे केरपानी स्कूल जाते हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिन के भीतर सड़क की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मजबूरन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यार्थियों की परेशानी को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।








