*सालीचौका रेलवे फाटक पर बड़ा हादसा टला: गड्ढों में फंसी मूंग से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, टूटा हिच; एक घंटे से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित!*

नरसिंहपुर ! 11 अगस्त 2026

सालीचौका। सालीचौका रेलवे फाटक पर सोमवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब मूंग से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक के बीच अचानक फंस गई। बताया जा रहा है कि रेलवे फाटक से गुजरते समय ट्रैक के आसपास बने गहरे गड्ढों के कारण ट्रॉली का हिच टूट गया और ट्रॉली रेलवे ट्रैक पर ही अटक गई।

ट्रैक पर ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। ट्रैक बाधित होने के कारण अमरकंटक एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस और दानापुर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का परिचालन एक घंटे से अधिक समय तक प्रभावित रहा। रेलवे कर्मचारियों और संबंधित लोगों की मदद से ट्रॉली को ट्रैक से हटाया गया, जिसके बाद रेल यातायात सामान्य हो सका।

गड्ढों के कारण बढ़ा हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि सालीचौका रेलवे फाटक पर सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। रेलवे ट्रैक के आसपास कई जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिनसे होकर रोजाना भारी वाहन और कृषि उपज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गुजरती हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

लोगों के मुताबिक, जिस समय ट्रैक्टर-ट्रॉली ट्रैक पर फंसी, उस दौरान यदि कोई ट्रेन फाटक की ओर आ रही होती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। गनीमत रही कि उस समय कोई रनिंग ट्रेन मौके पर नहीं पहुंची और बड़ा हादसा टल गया।

रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे फाटक और आसपास की सड़क व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि फाटक के आसपास की खराब सड़क और गड्ढों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए।

 

स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन और संबंधित विभाग से रेलवे फाटक के आसपास सड़क की स्थिति की तत्काल जांच कराने, गड्ढों को भरने और भारी वाहनों की सुरक्षित आवाजाही की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

फिलहाल घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन ट्रैक पर ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसने की घटना ने रेलवे फाटक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में यह लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!