नरसिंहपुर ! 28 जुलाई 2026
गाडरवारा। शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही उपाय गाडरवारा संस्था ने अपना 7वाँ स्थापना दिवस 26 जुलाई 2026 को हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनटीपीसी गाडरवारा के जीएम (ओ एंड एम) राधेश्याम मौर्य शामिल हुए। उनके साथ एनटीपीसी के अधिकारी-कर्मचारी, अवनी महिला मंडल की महासचिव, लेबर यूनियन के सदस्य, संस्था के पदाधिकारी, पालक, स्वयंसेवक, बच्चे और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। नृत्य, गीत और नाटकों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर संस्था ने शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले छह वर्षों में उपाय के माध्यम से 500 से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ा गया है। इसके साथ ही एनटीपीसी के सहयोग से बच्चों और महिलाओं के लिए कंप्यूटर एवं सिलाई प्रशिक्षण जैसी पहल भी संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने संस्था के सामाजिक और शैक्षणिक कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का भरोसा जताया।








