*”बीमार माता-पिता का सहारा बनने की आस, NTPC में नौकरी के लिए तीसरी बार जनसुनवाई पहुंची युवती”!*

नरसिंहपुर। 22 जुलाई 2026  जिले की गाडरवारा तहसील अंतर्गत सुंदरास (खैरी) निवासी शिवानी कटारे ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए NTPC में रोजगार दिलाने की मांग की। युवती का कहना है कि वह NTPC प्रभावित किसान परिवार से है और पिछले चार-पांच वर्षों से लगातार आवेदन करने के बावजूद उसे अब तक नौकरी नहीं मिल सकी है।

आवेदन के अनुसार शिवानी के पास POP कार्ड है तथा उसने 12वीं के साथ आईटीआई (इलेक्ट्रिकल) की शिक्षा प्राप्त की है। उसका कहना है कि उसने कई बार NTPC कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किए, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला।

युवती ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि उसने केंद्रीय मंत्री उदय प्रताप सिंह और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल से भी रोजगार दिलाने की मांग की थी। उनके द्वारा NTPC के लिए अनुशंसा पत्र भी दिए गए, लेकिन इसके बावजूद नियुक्ति नहीं हो सकी। शिवानी का कहना है कि वह इससे पहले भी दो बार जनसुनवाई में आवेदन दे चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

आवेदन में युवती ने आरोप लगाया है कि NTPC में संपर्क करने पर उसे मौखिक रूप से यह कहकर मना कर दिया गया कि वह महिला है और उसके लिए वहां कोई पद नहीं है। इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

शिवानी ने बताया कि उसके माता-पिता वृद्ध और बीमार हैं तथा वह उनकी एकमात्र उत्तराधिकारी और देखभाल करने वाली है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण रोजगार की अत्यंत आवश्यकता है। उसने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उसे नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराया जाए, ताकि वह अपने माता-पिता का इलाज और परिवार का भरण-पोषण कर सके।

फिलहाल इस मामले में NTPC की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!