*नरसिंहपुर में नेमा समाज का फूटा गुस्सा: युवक पर जानलेवा हमले में पुलिस पर लीपापोती के आरोप, 3 दिन का अल्टीमेटम!*

नरसिंहपुर। 21 जुलाई 2026  जिले के करेली थाना क्षेत्र में नेमा समाज के एक युवक पर हुए कथित प्राणघातक हमले और लूटपाट के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं। पीड़ित पक्ष और नेमा समाज ने आरोप लगाया है कि पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। इसी को लेकर समाज के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक (SP) के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया को ज्ञापन सौंपकर तीन दिन के भीतर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

 

पीड़ित युवक की माता बबीता नेमा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि 12 जुलाई 2026 की रात करीब 1:50 बजे शिवेंद्र नेमा अपने साथियों के साथ एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। आरोप है कि होटल पी.एस. के पास ईशु यादव, अनुराग यादव, गौरव शर्मा, आदित्य सेन और अन्य 3-4 लोगों ने उनका रास्ता रोककर हमला किया। इस दौरान शिवेंद्र को गंभीर चोटें आईं। साथ ही उनके मित्र गौरव वासवानी की सोने की चेन और शिवेंद्र के कान की सोने की बाली लूट ली गई। आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

 

ज्ञापन में दावा किया गया है कि घटना के संबंध में मेडिकल रिपोर्ट (MLC), सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद हत्या के प्रयास, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में उचित कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित पक्ष ने करेली पुलिस पर मामले में हीलाहवाली और लीपापोती का आरोप लगाया है।

नेमा समाज ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराई जाए, सभी नामजद एवं अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, लूट और आपराधिक षड्यंत्र जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाए, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो, लूटे गए आभूषण बरामद किए जाएं तथा पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

नेमा समाज के सचिव विनीत नेमा ने बताया कि यदि आगामी तीन दिनों के भीतर पुलिस प्रशासन द्वारा निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज उग्र धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस और जिला प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पीड़ित शिवेंद्र नेमा, उनके पिता विजय नेमा, माता बबीता नेमा, रक्षा नेमा सहित नेमा समाज के अध्यक्ष एडवोकेट रामगोपाल नेमा, कोषाध्यक्ष विकास नेमा, अजय नेमा, सृजन नेमा, मुकेश नेमा, नितिन नेमा, अंशुल नेमा, शेखर नेमा, सत्यम एवं अन्य समाजजन उपस्थित रहे। अंत में समाज के उपाध्यक्ष अशोक नेमा “अस्सू” ने सभी का आभार व्यक्त किया।

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!