नरसिंहपुर! 21 जुलाई 2026 जिले के गोटेगांव में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक शिकायत सामने आई है। एक पिता ने 21 जुलाई मंगलवार आज कलेक्टर को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि थाना प्रभारी और चार पुलिसकर्मियों ने उनके बेटे के साथ थाने में मारपीट की, उससे पैसों की मांग की और अब उसका बेटा कई दिनों से लापता है। हालांकि, ये सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं, जिनकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
गोटेगांव के आजाद वार्ड निवासी चन्द्रिका राय ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि 17 जुलाई 2026 को उनका पुत्र दीपक राय अनुपम मॉल के सामने एक चाय की दुकान पर बैठा था। आरोप है कि इसी दौरान गोटेगांव थाना प्रभारी अपने चार सहयोगियों के साथ पहुंचे और दीपक को जबरन पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले गए।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि थाने के पीछे स्थित एक पुरानी कोठरी में, जहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी नहीं है, दीपक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आवेदन के अनुसार, उसके पास मौजूद 17 हजार रुपये और मोबाइल फोन भी पुलिसकर्मियों ने अपने कब्जे में ले लिए।
चन्द्रिका राय का कहना है कि जब उन्हें घटना की जानकारी मिली और वे बेटे को छुड़ाने थाने पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि उनका बेटा थाने में नहीं है। बाद में रात में कथित रूप से कोरे कागजों पर दीपक से हस्ताक्षर कराए गए और उससे 4 लाख रुपये की मांग की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि रकम नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाने और दोबारा मारपीट करने की धमकी दी गई।
आवेदन के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को दीपक दोबारा थाने गया, जिसके बाद से वह लापता है। परिजनों का कहना है कि आज तक उसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
पीड़ित पिता ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अपने पुत्र का पता लगाने तथा शिकायत में नामजद थाना प्रभारी और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।









