नरसिंहपुर। 21 जुलाई 2026 ब्रह्माकुमारीज दिव्य संस्कार भवन, नरसिंहपुर के तत्वावधान में संचालित “उठो जगत के वास्ते” प्रोजेक्ट के अंतर्गत पराडकर अस्पताल एवं शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय में ‘हैं हम’ हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा नर्सिंग स्टाफ और छात्राओं में नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को जागृत करना था।
इस प्रेरणादायक अभियान में लगभग 200 नर्सिंग स्टाफ एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने दिल पर हाथ रखकर मानवता, सेवा और समाज कल्याण के लिए पाँच संकल्प लिए तथा हस्ताक्षर कर उन्हें निभाने का संकल्प दोहराया।
पराडकर अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पराग पराडकर, डॉ. प्रांजल पराडकर, ब्र.कु. अर्पिता दीदी, ब्र.कु. ऋचा दीदी एवं डॉ. शुभलक्ष्मी सिंघई उपस्थित रहीं। ब्र.कु. अर्पिता दीदी ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने सकारात्मक सोच, मानसिक शांति और ईश्वर से जुड़कर सेवा करने का संदेश दिया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में नर्सिंग सेवा को करुणा, समर्पण और मानवता का प्रतीक बताते हुए युवाओं से नैतिक मूल्यों के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया। वहीं ब्र.कु. ऋचा दीदी ने उपस्थित सभी को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया, जिससे प्रतिभागियों ने मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया।
इसके बाद शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय में भी इसी अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य शारदा नागवंशी, वाइस प्राचार्य नीलम राजपूत, ब्र.कु. अर्पिता दीदी, ब्र.कु. ऋचा दीदी एवं डॉ. शुभलक्ष्मी सिंघई सहित शिक्षण स्टाफ की उपस्थिति रही। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा दी।
अभियान के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने समाज सेवा, मानवता की भलाई और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने युवाओं में सेवा, संस्कार और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति नया उत्साह भर दिया।








