*नरसिंहपुर में किसानों का आक्रोश: 5 माह से बकाया भुगतान को लेकर कलेक्टर से लगाई गुहार!*

नरसिंहपुर।  8  जुलाई 2026 जिले में किसानों का धैर्य अब जवाब देता नजर आ रहा है। अपनी उपज का भुगतान नहीं मिलने से परेशान करीब 150 किसानों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की है। किसानों ने गोपाल एंड कंपनी और संबंधित व्यापारियों पर भुगतान में देरी करने का आरोप लगाया है।

 

किसानों का कहना है कि उन्होंने अपनी उपज का विक्रय किया था, लेकिन करीब 5 महीने बीत जाने के बाद भी उन्हें राशि का भुगतान नहीं किया गया है। किसान लगातार कंपनी और व्यापारियों के संपर्क में हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। किसानों का आरोप है कि उन्हें व्यापारियों की सही जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।

ज्ञापन में किसानों ने बताया कि एक सप्ताह पहले एसडीएम द्वारा सात दिनों के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिया गया था, लेकिन समय सीमा पूरी होने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज किसानों ने अब कलेक्टर से संबंधित व्यापारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और जल्द से जल्द बकाया राशि दिलाने की मांग की है।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो 15 जुलाई को वे अपने ट्रैक्टरों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे। किसानों ने कहा कि इस आंदोलन की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

फिलहाल किसानों की मांगों को लेकर प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!