नरसिंहपुर। 7 जुलाई 2026 शहर के मुशरान वार्ड में बारिश के बाद बदहाल सड़क और जाम नालियों की समस्या एक बार फिर सामने आई है। इस बार वार्ड की स्थिति का वीडियो एक स्थानीय दर्शक ने पोलखोल न्यूज़ को भेजकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की अपील की है।
वीडियो में सड़क पर गंदा पानी भरा हुआ दिखाई दे रहा है, जो कई घरों तक पहुंच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियां कचरे से जाम होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इससे सड़क पर जलभराव बना रहता है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्डवासियों के अनुसार, इसी मार्ग से प्रतिदिन स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल और मंदिर जाने वाले लोग गुजरते हैं। जलभराव और फिसलन के कारण बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। कई लोग फिसलकर गिर भी चुके हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार जनसुनवाई में शिकायत की गई है। नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को भी लिखित आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
राजेश जैन, मनोज सेन, विमलेश सोनी, राजकुमार जैन, सुशील मिश्रा सहित अन्य रहवासियों ने मांग की है कि नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए, सड़क की मरम्मत की जाए और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था बनाई जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को राहत मिल सके।
पोलखोल न्यूज़ इस मामले में नगर पालिका प्रशासन का पक्ष उपलब्ध होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।








