नरसिंहपुर। 8 जून 2026 bतेंदूखेड़ा जनपद की ग्राम पंचायत उमरपानी के बिछुआ गांव निवासी भागचंद मेहरा एवं उनकी पत्नी प्रियंका मेहरा पेयजल समस्या से परेशान होकर जिला मुख्यालय नरसिंहपुर पहुंचे और कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर समाधान की मांग की।
दंपति का आरोप है कि उनके घर तक नल-जल योजना के तहत गांव की पानी टंकी से पाइपलाइन डाली गई है, लेकिन पिछले लगभग डेढ़ माह से पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके कारण परिवार को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि गांव में उपलब्ध हैंडपंप उनके घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित है। वहीं हैंडपंप से निकलने वाला पानी भी लाल रंग का आता है, जिससे उसका उपयोग करने में परेशानी होती है। ऐसे में परिवार को स्वच्छ पेयजल के लिए रोजाना संघर्ष करना पड़ रहा है।
आवेदन में दंपति ने आरोप लगाया है कि समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लगातार बनी हुई समस्या से परेशान होकर उन्हें जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर से गुहार लगानी पड़ी।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और बिछुआ गांव के इस परिवार को कब तक पेयजल संकट से राहत मिल पाती है।








