नरसिंहपुर ! 20 मई 2026
पिपरिया रांकई निवासी सोनम चक्रवर्ती ने अपने पति अखिलेश कुमार चक्रवर्ती (28 वर्ष) की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदन सौंपा है। सोनम चक्रवर्ती का कहना है कि उनके पति बिजली फिटिंग का कार्य करते थे और उसी से परिवार का भरण-पोषण होता था। उनके तीन छोटे बच्चे हैं।
महिला के अनुसार, 17 मई 2026 को उनके पति कथित रूप से श्रीकांत दुबे और सौरभ दुबे के घर बिजली संबंधी कार्य करने गए थे, जहां काम के दौरान करंट लगने से उनकी मौत हो गई।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि घर में अवैध बिजली कनेक्शन लिया गया था और गीली दीवार पर बोर्ड लगाते समय हादसा हुआ। महिला का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान समय रहते बिजली सप्लाई बंद नहीं की गई और तत्काल सहायता नहीं मिलने से उनके पति की जान चली गई।
आवेदिका ने श्रीकांत दुबे, सौरभ दुबे और सुशील कुमार दुबे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
फिलहाल, पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
“पोलखोल सवाल उठाता है, क्या एक परिवार की जिंदगी उजड़ने के पीछे लापरवाही जिम्मेदार है? जांच के बाद सामने आएगा सच।”










