नरसिंहपुर ! 16 मई 2026
नरसिंहपुर जिले में विगत दिवस को दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। पहली घटना थाना गोटेगांव क्षेत्र से सामने आई, जहां बगासपुर निवासी कौशल्या अपने बेटों के साथ मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल नरसिंहपुर में एक परिचित से मिलने आ रही थीं। बताया जा रहा है कि कमती इमलिया के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कौशल्या और उनके बेटे घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वहीं दूसरी घटना थाना ठेमी अंतर्गत ग्राम मकवारा से सामने आई है। यहां 24 वर्षीय रश्मि नामक महिला ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद को लेकर वीरेंद्र, महेंद्र और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की।
महिला का कहना है कि विवाद के दौरान कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटनाओं की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।








