*“धमकी या ठगी? नरसिंहपुर में महिला की शिकायत, एक युवा नेता सहित कई युवकों पर आरोप, करोड़ों के लेनदेन में बढ़ा विवाद”*

नरसिंहपुर। 16 अप्रैल 2026
जिले में एक महिला द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन ने गंभीर विवाद का रूप ले लिया है। स्टेशनगंज के गयादत्त वार्ड निवासी सुनीता गोटे ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, साथ ही जबरन पैसे वसूलने और वाहन छीनने की कोशिश की जा रही है।

 

📣  महिला के अनुसार, उनके भतीजे अभिषेक टोप्पो ने बिना परिवार को बताए कई लोगों से वित्तीय लेनदेन किया था, जिसके बाद वह घर से फरार हो गया। इसके बाद संबंधित लोग अब महिला और उनके परिवार पर दबाव बना रहे हैं। महिला का कहना है कि उनके पास धमकी भरे कॉल की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है और उन्होंने अपनी सुरक्षा की मांग की है।

 


👉 दूसरा पक्ष भी आया सामने
वहीं, जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनमें से एक यशवंत खत्री उर्फ गोलू खत्री ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि सुनीता गोटे, उनके भतीजे अभिषेक टोप्पो और अन्य सहयोगियों द्वारा शेयर मार्केट ट्रेडिंग के नाम पर कई लोगों से बड़ी रकम ली गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों रुपये के चेक बाउंस हुए हैं और कई लोगों के साथ आर्थिक धोखाधड़ी की गई है। खत्री का दावा है कि उन्होंने स्वयं करीब 13 लाख रुपये दिए थे, जो विभिन्न माध्यमों से अभिषेक और संबंधित लोगों को दिए गए थे। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित लोगों पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।

 

👉  एक अन्य पक्ष का बयान
मामले में नाम सामने आने पर रोहित पटैल ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनका परिचय अभिषेक टोप्पो से था और उन्होंने ही अभिषेक का परिचय सौरभ कोहली से कराया था। रोहित के अनुसार, अभिषेक ने कथित रूप से ट्रेडिंग खाते का दुरुपयोग कर लगभग 13 लाख रुपये का गबन किया है।

🗣️  जांच के दायरे में पूरा मामला
फिलहाल यह मामला आरोप-प्रत्यारोप के बीच उलझा हुआ है। दोनों पक्षों ने पुलिस से कार्रवाई और जांच की मांग की है। बताया जा रहा है कि संबंधित पक्षों द्वारा पुलिस अधीक्षक और कोतवाली थाना में ज्ञापन देने की तैयारी की जा रही है।

 

नोट: मामले में लगाए गए सभी आरोप संबंधित पक्षों के कथनों पर आधारित हैं। पुलिस द्वारा जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!