नरसिंहपुर ! 18 फरवरी 2026
*महिला सुरक्षा की दिशा में नरसिंहपुर पुलिस का मजबूत कदम — निर्भया मोबाइल को बनाया गया और अधिक प्रभावी व सक्रिय*
• *महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस का विशेष अभियान।*
• *सार्वजनिक स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में निर्भया मोबाइल की बढ़ाई गई निगरानी।*
• *कॉलेज, बाजार एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निर्भया मोबाइल की नियमित गश्त।*
• *आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु निर्भया हेल्पलाइन मोबाइल नम्बर जारी।*
• *नारी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता — निर्भया मोबाइल के माध्यम से तत्पर नरसिंहपुर पुलिस।*
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक, नरसिंहपुर, डॉ. ऋषिकेश मीना द्वारा द्वारा निर्भया मोबाइल सेवा को और अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाया गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों, बाजार क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों तथा संवेदनशील इलाकों में महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।
निर्भया मोबाइल टीम द्वारा नियमित रूप से गश्त की जा रही है तथा महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी जा रही है। टीम द्वारा उन्हें आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबरों एवं पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
*आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु निर्भया हेल्पलाइन मोबाइल नम्बर जारी :
निर्भया मोबाइल के माध्यम से किसी भी आपात परिस्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने हेतु नरसिंहपुर पुलिस द्वारा हेल्पलाइन मोबाईल नम्बर 7049141738 जारी किया गया है, जिससे पीड़ित महिलाओं को तुरंत सहायता मिल सके। इस अभियान के अंतर्गत संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही है तथा महिला अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु निरंतर कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक, डॉ. ऋषिकेश मीना एवं नरसिंहपुर पुलिस द्वारा यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि महिला सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।
*नारी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता — निर्भया मोबाइल के माध्यम से तत्पर नरसिंहपुर पुलिस*








