अहिरवार समाज महापरिषद नरसिंहपुर ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन!!

नरसिंहपुर, 16 फरवरी 2026।
अहिरवार समाज महापरिषद नरसिंहपुर, अहिरवार समाज संघ भारत जिला इकाई एवं नवगठित संत शिरोमणि रविदास मुक्तिधाम सेवा समिति द्वारा शहर के मुक्तिधाम की समस्याओं के निराकरण को लेकर माननीय कलेक्टर महोदया को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने से पूर्व दोपहर 3 बजे डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर पार्क में समाजजनों का एकत्रीकरण हुआ, जिसके बाद दोपहर 4 :30बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर मांगपत्र प्रस्तुत किया गया।

ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत स्थित मुक्तिधाम, जो शहीद भगत सिंह वार्ड, कामथ वार्ड, मुशरान वार्ड एवं महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड की सीमाओं से लगा हुआ है, वर्षों से चौधरी एवं अहिरवार समाज के अंतिम संस्कार हेतु उपयोग में आता रहा है। पूर्व में यहां अतिक्रमण की स्थिति थी, जिसे समाजजनों एवं प्रशासनिक सहयोग से हटवाया गया तथा तारबंदी कराई गई। शासन एवं जनप्रतिनिधियों की मदद से एक हेडपंप और एक शेड का निर्माण भी किया गया, किंतु मूलभूत सुविधाओं का अब भी अभाव बना हुआ है।

प्रमुख मांगें इस प्रकार रहीं:
मुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए पक्का मार्ग (सड़क) निर्माण कराया जाए, ताकि अर्थी ले जाने में हो रही कठिनाइयों से मुक्ति मिले।
अंत्येष्टि हेतु दो अतिरिक्त नवीन शेड बनाए जाएं।
पूर्व निर्मित शेड का मरम्मत कार्य कराया जाए।
नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर में वर्तमान में केवल एक शव वाहन उपलब्ध है, जो अपर्याप्त है। अतः एक अतिरिक्त शव वाहन उपलब्ध कराया जाए।
मुक्तिधाम परिसर में लकड़ी संग्रहण हेतु एक कक्ष का निर्माण कराया जाए।
पूर्व में गुरु रविदास सेवा समिति द्वारा किए गए पत्राचार पर कार्रवाई न होने का उल्लेख करते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
उक्त मुक्तिधाम को सार्वजनिक मुक्तिधाम घोषित कर शहरवासियों के उपयोग हेतु समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
समाज प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्तमान में मार्ग के अभाव के कारण शहरवासियों को अंतिम संस्कार हेतु ग्रामीण क्षेत्रों के श्मशानों का सहारा लेना पड़ रहा है, जो अत्यंत पीड़ादायक स्थिति है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
निवेदक:
अहिरवार समाज महापरिषद नरसिंहपुर
अहिरवार समाज संघ भारत, जिला नरसिंहपुर
संत शिरोमणि रविदास जी मुक्तिधाम सेवा समिति, नरसिंहपुर
एवं अन्य शहरवासी

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!