नरसिंहपुर, 14 फरवरी 2026।
जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे “OPERATION EAGLE CLAW” के तहत नरसिंहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली पुलिस ने गणेश मंदिर के पास किसानी वार्ड क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 11.25 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिले भर में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी नरसिंहपुर मनोज गुप्ता के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस टीम भ्रमण पर थी। इस दौरान गणेश मंदिर के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर खुद को छिपाने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 11.25 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। आरोपी की पहचान अमन बैरागी निवासी कठौतिया, थाना कोतवाली नरसिंहपुर के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध धारा 8, 21 (बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरव चाटे, उपनिरीक्षक संजय सूर्यवंशी सहित आरक्षक अनुराग दुबे, कुलदीप साहू, श्रेय अवस्थी, राहुल दुबे, अभय तिवारी एवं नीलेश दुबे की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस अवैध धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।








