वेतन नहीं तो काम नहीं: नगरपालिका कर्मचारी हड़ताल पर, कचरे से किया विरोध दर्ज!”

नरसिंहपुर / 17 दिसंबर 2025
नरसिंहपुर | लंबे समय से वेतन नहीं मिलने से परेशान नगरपालिका के वेतनभोगी कर्मचारी बुधवार को हड़ताल पर चले गए। बार-बार तारीख पर तारीख मिलने से नाराज़ कर्मचारियों ने काम बंद कर शहर में विरोध प्रदर्शन किया।

वहीं गुस्साए कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर शहर के कुछ इलाकों में कचरा फैलाकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया, जिससे नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई। कर्मचारियों का कहना है कि चार महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण घर खर्च, बच्चों की फीस, बिजली बिल और राशन जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है।

कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं है, बल्कि प्रशासन का ध्यान अपनी गंभीर समस्याओं की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने नगर प्रशासन से जल्द से जल्द बकाया वेतन का भुगतान करने की मांग की, ताकि कार्य बहाल हो सके और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

हड़ताल और विरोध प्रदर्शन के चलते शहर के कई हिस्सों में गंदगी फैलने लगी है, जिससे नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अब सभी की निगाहें नगर प्रशासन पर टिकी हैं कि इस मामले में कब तक ठोस निर्णय लिया जाता है और स्थिति सामान्य होती है।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!