नरसिंहपुर: कलेक्टर रजनी सिंह का गाडरवारा दौरा—निर्माण कार्य, जनसुनवाई, फसल अवशेष प्रबंधन, धान उपार्जन, चालानी कार्रवाई, श्रमिक खेलकूद व पेंशन शिविर को लेकर लिए अहम फैसले”!

नरसिंहपुर | 17 दिसम्बर 2025

कलेक्टर रजनी सिंह का गाडरवारा भ्रमण, निर्माण कार्य, कृषि योजनाएं, जनसुनवाई व जनकल्याण गतिविधियों की समीक्षा

कलेक्टर रजनी सिंह ने मंगलवार को गाडरवारा तहसील के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर विकास कार्यों, कृषि एवं जनकल्याण योजनाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। भ्रमण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों, ‘एक बगिया मां के नाम’ परियोजना, नरेगा कार्यों, फसल अवशेष प्रबंधन, धान उपार्जन केंद्र तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र सिंह नागेश, एसडीएम गाडरवारा कलावती ब्यारे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

मनकवारा रेलवे ओवर ब्रिज का निरीक्षण

कलेक्टर ने नरसिंहपुर–गाडरवारा मार्ग पर निर्माणाधीन मनकवारा रेलवे ओवर ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्विस रोड के समतलीकरण, आवागमन सुगम रखने तथा निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। कार्य को समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर भी जोर दिया गया।

 

 

गाडरवारा शहर में शहरी विकास कार्य

गाडरवारा में अमृत योजना अंतर्गत तालाब निर्माण, मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत तालाब सौंदर्यीकरण तथा सीएम फेस-4 अंतर्गत नाली निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि अमृत योजना के अंतर्गत 1.08 करोड़ रुपये की लागत से टो-वॉल, स्टोन पिचिंग, डिसिल्टिंग एवं पावर ब्लॉक का कार्य किया जा रहा है, जबकि 2 करोड़ रुपये की लागत से तालाब सौंदर्यीकरण प्रगति पर है। कलेक्टर ने सभी कार्य तय समय में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

‘एक बगिया मां के नाम’ परियोजना का अवलोकन

ग्राम बोदरी में कलेक्टर ने ‘एक बगिया मां के नाम’ परियोजना का निरीक्षण कर स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। हितग्राही रेखा बाई कहार ने बताया कि परियोजना के तहत 1.96 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिससे 40 नींबू एवं 10 आम के पौधे लगाए गए हैं। ग्राम में इस योजना के अंतर्गत कुल 12 परियोजनाएं स्वीकृत हैं।

 

 

नरेगा कार्यों की सराहना

ग्राम खुरसीपार में नरेगा अंतर्गत तालाब निर्माण, मुक्तिधाम तक सड़क निर्माण तथा पौधरोपण कार्यों का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने कार्यों की गुणवत्ता की प्रशंसा की।

 

 

सड़क सुरक्षा व चालानी कार्रवाई

सांईखेड़ा–देवरी मार्ग पर गन्ने की डबल ट्रॉली ले जा रहे दो ट्रैक्टर चालकों पर कलेक्टर की उपस्थिति में पुलिस द्वारा चालानी कार्रवाई की गई। दोनों चालकों पर 1500-1500 रुपये का चालान किया गया। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु कलेक्टर ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

 

धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण

रेवा वेयरहाउस देवरी स्थित धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर खरीदी एवं भंडारण की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने शासन निर्देशों के अनुरूप एफएक्यू गुणवत्ता का ही धान खरीदने तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

 

 

फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों का निरीक्षण

गाडरवारा के समीप डमरू घाटी क्षेत्र में फसल अवशेष पतरोई-नरवाई प्रबंधन हेतु संचालित मशीनों का निरीक्षण किया गया। एग्रीगेटर द्वारा बताया गया कि 20 यूनिट क्षेत्र में संचालित हैं तथा 10 अतिरिक्त यूनिट शीघ्र शुरू होंगी। किसानों से कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है, जिससे आगजनी की घटनाओं में कमी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है।

 

 

गाडरवारा में जनसुनवाई

तहसील कार्यालय गाडरवारा में आयोजित जनसुनवाई में कुल 138 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने कई मामलों का मौके पर निराकरण किया तथा शेष प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की सुविधा हेतु अनुभाग स्तर पर जनसुनवाई आयोजित की गई।

 

 

राज्य स्तरीय श्रमिक खेलकूद प्रतियोगिता

श्रम विभाग अंतर्गत मप्र श्रम कल्याण मंडल द्वारा राज्य स्तरीय श्रमिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 18 एवं 19 दिसम्बर 2025 को स्टेडियम ग्राउंड नरसिंहपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ एवं पुरस्कार वितरण पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से एक हजार से अधिक श्रमिक खिलाड़ी भाग लेंगे।

पेंशन शिविर का आयोजन

लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण हेतु जिला पेंशन कार्यालय नरसिंहपुर में 18 एवं 19 दिसम्बर को कार्यालयीन समय में पेंशन शिविर आयोजित किया जाएगा, ताकि पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन प्रकरणों का शीघ्र समाधान किया जा सके।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!